अनन्त माहेश्वरी की रिपोर्ट-
सैकड़ों वर्ष बाद भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या में रामलाल काफी संघर्ष और बलिदान के पश्चात विशाल भव्य मंदिर के गर्भगृह में भगवान श्री राम विराजमान होने जा रहे हैं . पूरे देश में चल रही राम लहर के साथ श्री राम महोत्सव मनाने को देशवासी आतुर है . अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देशभर सहित खंडवा में भी विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं।श्रीराम महोत्सव के तहत शहर में दिवाली मनाने की तैयारी भी की जा रही है। शहर के मंदिरों को सजाया जा रहा है।श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश के खण्डवा में प्रदेश का सबसे बड़ा दीपक प्रज्वलित किया जा रहा है। जिसे राम ज्योत का नाम दिया गया है। 
गौरतलब है कि खंडवा को खांडव वनों से जोड़कर देखा जाता है .भगवान श्री राम ने लंका पर चढ़ाई करने से पूर्व माता भवानी की आराधना कर अस्त्र शस्त्र वरदान में प्राप्त किए थे। उसी भवानी माता मंदिर में विशाल राम ज्योत जलाई जाएगी। यह दीप निरंतर बाईस जनवरी तक जलेगा। बुधवार शाम मंत्रोच्चार के साथ 1008 किलो वजनी दीप प्रज्वलित किया जाएगा, इसकी पूजा अर्चना एवं भगवान श्री राम की आरती के लिए 5 पुरोहित रहेंगे जो विधि विधान से इसे प्रज्ज्वलित कराएंगे।खंडवा नगर निगम महापौर अमृता अमर यादव द्वारा 1008 किलो मिट्टी के दीपक में राम ज्योत जलाई जाएगी।

महापौर यादव ने बताया की यह दीपक पांच दिनों तक एक ट्रॉली पर स्थायी रहेगा। जिसे स्थानीय कलाकारों द्वारा बनाया जाकर इसपर आकर्षक रंग रोगन किया गया है .एक हजार आठ किलो वजनी ,चार फीट लंबे और छह फीट चौड़े मिट्टी के दीपक को बनाने में पंद्रह कारीगरों को दस दिन का समय लगा । यह दीप एक ट्रॉली पर स्थापित रहेगा। इसमें दो क्विंटल तेल से भरा जाकर पंद्रह फीट लंबी बत्ती को प्रज्वलित किया जाएगा। जो 18 जनवरी से 22 जनवरी तक सतत प्रज्वलित होता रहेगा।इस राम ज्योत के दर्शन के लिए नागरिक उत्साहित है ,जगह जगह इसकी चर्चा हो रही है .
 सुनील जैन ने बताया कि राम महोत्सव के तहत खंडवा में अनेक आयोजन किये जा रहे है ,अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर में 22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की जावेगी। देशवासियों के लिए यह गर्व की बात है।ठीक उसी दिन अर्थात 22 जनवरी को खण्डवा के रामनगर में निर्मित राम मंदिर में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की जावेगी। दो दिवसीय आयोजन में राम रथ यात्रा भी निकाली जावेगी। इसके अलावा पूर्व निमाड़ सामाजिक सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी लगाकर दादाजी मंदिर के सामने टीन शेड में किया जाएगा। राम मंदिर में दोपहर को आरती की जाएगी तथा प्रसादी वितरण किया जाएगा। शाम को आतिशबाजी एवं हनुमान चालीसा का पाठ होगा।

By MPNN

error: Content is protected !!