अनन्त माहेश्वरी की रिपोर्ट –
खंडवा के रतागढ़ स्थितबाल संप्रेक्षण गृह से रविवार को दिनदहाड़े सात बाल अपचारी लड़के फरार हो गए। सभी बाल आरोपी हत्या जैसे गम्भीर मामलों में विराचाधीन थे। मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने मौका मुआयना किया। बताया कि टाॅयलेट की दीवार तोड़कर लड़के बाहर निकले। इसके बाद बाउंड्रीवाल फांदकर भाग गए। मामले में संप्रेक्षण गृह के अफसरों की लापरवाही सामने आई है। सीएसपी ललित गठरे ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर गए थे। सभी विचाराधीन कैदी अलग-अलग अपराधों में बंद थे। सभी आरोपी खंडवा के बाहर से हैं। इनमें हरदा जिले के तीन ,बुरहानपुर जिले का एक और खरगोन जिले के तीन बाल अपचारी शामिल हैं।अफसरों के मुताबिक टॉयलेट में गंदगी होने से जिम्मेदार मौके पर नहीं जाते थे। इसका फायदा उठाकर सातों ने टॉयलेट की दीवार तोड़ी। इसके बाद बाहर निकले। पेड़ के सहारे बाउंड्रीवाल फांदकर भाग निकले।
रतागढ़ स्थित बाल संप्रेक्षण गृह महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन है। यहां से बीते माह भी कुछ लड़के फरार हो गए थे। बावजूद प्रबंधन की लापरवाही लगातार सामने आ रही है। संप्रेक्षण गृह में कुल 8 किशोर थे। 7 के फरार होने के बाद एक किशोर बचा है।